च‍िकित्‍सा के लिए भी हो अखिल भारतीय सेवा

च‍िकित्‍सा के लिए भी हो अखिल भारतीय सेवा

सेहतराग टीम

भारतीय प्रशासनिक सेवा, भारतीय पुलिस सेवा, भारतीय इंजीनियरिंग सेवा आदि की तर्ज पर देश में एक भारतीय च‍िकित्‍सा सेवा का सृजन करने की मांग भी जोर पकड़ रही है। देश के तीन राज्‍यों गोवा, मिजोरम और अंडमान एवं निकोबार ने केंद्रीय स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय के इस आशय के प्रस्‍ताव को अपनी सहमति दे दी है। हालांकि केरल और सिक्किम ने इसका समर्थन नहीं किया है। केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने लोकसभा को यह जानकारी दी है।

उन्‍होंने सदन को बताया कि मंत्रालय ने अखिल भारतीय चिकित्सा सेवा का सृजन करने की जरूरत का अध्ययन करने के लिए मामले को केंद्रीय स्वास्थ्य सेवा (सीएचएस) की कैडर समीक्षा के लिए गठित समिति के पास भेजा गया था।

कैडर समीक्षा समिति की सिफारिशों के बाद मंत्रालय ने गत वर्ष जून में सभी राज्यों से टिप्पणियां मांगी ताकि वह अपने प्रस्ताव पर आगे बढ़ सके। अभी तक छह राज्यों आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश, केरल, सिक्किम, गोवा, मिजोरम तथा केंद्र शासित प्रदेश दादरा और नागर हवेली तथा अंडमान और निकोबार द्वीप समूह से टिप्पणियां प्राप्त हुई हैं।

उन्होंने कहा कि गोवा, मिजोरम, अंडमान और निकोबार द्वीप ने प्रस्ताव का समर्थन किया है जबकि केरल और सिक्किम सरकार ने इसका समर्थन नहीं किया। आंध्र प्रदेश सरकार ने स्वास्थ्य सेवा और चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में मानवशक्ति की जरूरतों से निपटने के लिए अन्य देशों के उत्कृष्ट तरीकों को लागू करने के लिए विस्तृत प्रस्ताव लाने का अनुरोध किया है।

Disclaimer: sehatraag.com पर दी गई हर जानकारी सिर्फ पाठकों के ज्ञानवर्धन के लिए है। किसी भी बीमारी या स्वास्थ्य संबंधी समस्या के इलाज के लिए कृपया अपने डॉक्टर की सलाह पर ही भरोसा करें। sehatraag.com पर प्रकाशित किसी आलेख के अाधार पर अपना इलाज खुद करने पर किसी भी नुकसान की जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की ही होगी।